Sunday, March 8, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में 27 जनवरी को मनाया जाएगा पहला ‘यूसीसी दिवस’, प्रचार-प्रसार और विवाह पंजीकरण पर जोर

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी 27 जनवरी 2026 को पहला यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गृह सचिव शैलेश बगौली ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर यूसीसी से संबंधित प्रचार-प्रसार और विवाह पंजीकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए।

जन-जागरूकता पर जोर

गृह सचिव ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में विभिन्न मंचों के माध्यम से लोगों को यूसीसी के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रोत्साहित किया जाए कि वे अपने विवाह का पंजीकरण अनिवार्य रूप से यूसीसी के अंतर्गत कराएं। इस मौके पर सभी जिलों में जन-जागरूकता कार्यक्रम, शिविर और विशेष आयोजन किए जाएंगे।

विवाह पंजीकरण में तेजी लाने के निर्देश

बैठक में बताया गया कि राज्य के कई जिले विवाह पंजीकरण के मामले में उल्लेखनीय प्रगति कर रहे हैं।

  • बागेश्वर – 63%
  • चंपावत – 60%
  • रुद्रप्रयाग – 58%
  • पौड़ी गढ़वाल – 50%
  • उत्तरकाशी और चमोली – 49%

गृह सचिव ने अन्य जिलों को भी इसी गति से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से विवाह पंजीकरण प्रक्रिया को और सरल व तेज बनाने पर जोर दिया।

ग्राम स्तर तक अभियान

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मानसून के बाद ग्राम स्तर तक यूसीसी से जुड़ी जानकारियों का प्रचार-प्रसार तेज किया जाएगा। इसके लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग सीधे जुड़ सकें और विवाह पंजीकरण को लेकर किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

सुझाव मांगे गए

गृह सचिव बगौली ने सभी जिलाधिकारियों से 27 जनवरी को मनाए जाने वाले यूसीसी दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर सुझाव देने को भी कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम इस तरह हों, जिससे लोगों को यूसीसी के महत्व और इसके तहत मिलने वाले लाभों की सही जानकारी मिल सके।

बैठक में अपर सचिव गृह निवेदिता कुकरेती भी मौजूद रहीं। जिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में यूसीसी पंजीकरण की स्थिति और व्यावहारिक चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।

Popular Articles