Sunday, February 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में मौसम का कहर : 24 सितंबर तक बरसात से राहत के आसार नहीं, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून।
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश से राहत फिलहाल संभव नहीं दिख रही है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान में साफ किया कि आने वाले दिनों में भी राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। 24 सितंबर तक प्रदेशभर में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि शुक्रवार को सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पर्वतीय इलाकों में खतरा बरकरार

लगातार हो रही बारिश से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मार्ग बाधित होने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। वहीं, जिलों के आपदा प्रबंधन विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किए जा सकें।
24 सितंबर तक का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 24 सितंबर तक राज्यभर में कहीं-कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान यात्रियों और आमजन को सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
पर्वतीय जिलों में रहने वाले लोगों से अपील है कि वे मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर रखें और नदियों-नालों के किनारे जाने से बचें।

Popular Articles