देहरादून, ब्यूरो। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने अब तक प्रदेशभर में दो लाख से अधिक स्मार्ट मीटर स्थापित कर दिए हैं। 16 लाख उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों पर ये मीटर लगाए जाने हैं।
योजना के तहत रोजाना 4000 मीटर लगाने का लक्ष्य तय किया गया है।
UPCL के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि यह कार्य रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ऊर्जा वितरण प्रणाली की दक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता में सुधार लाना है।
स्मार्ट मीटर से होंगे कई फायदे
स्मार्ट मीटर की मदद से उपभोक्ता बिजली खपत की रियल टाइम जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही इससे रिमोट कनेक्शन और डिसकनेक्शन, सटीक बिलिंग, और डेटा आधारित निगरानी जैसे आधुनिक फीचर्स भी उपलब्ध होंगे।
MD ने बताया कि शहरी, अर्द्ध-शहरी, ग्रामीण और दूरदराज के सभी क्षेत्रों को इस योजना में शामिल किया गया है, और स्थापना कार्य युद्धस्तर पर जारी है।





