उत्तराखंड में पंचायत चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई। पहले चरण में गढ़वाल मंडल के 6 जिलों के 26 और कुमाऊं मंडल के 6 जिलों के 23 विकासखंडों में मतदान हो रहा है। कुल 26 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
श्रीनगर से चमोली तक दिखा उत्साह
श्रीनगर में खिर्सू ब्लॉक के बलोडी बूथ पर 52 वोट डाले गए, वहीं ग्राम सरणा की 95 वर्षीय बुजुर्ग झांपा देवी ने भी मतदान कर लोकतंत्र में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
चमोली जिले में चार ब्लॉकों में मतदान
ज्योतिर्मठ, देवाल, थराली और नारायणबगड़ विकासखंडों में कुल 1,04,715 मतदाता 232 ग्राम प्रधान, 91 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 9 जिला पंचायत सदस्यों का चुनाव करेंगे।
- सबसे ज्यादा मतदाता: नारायणबगड़ (29,912)
- सबसे कम मतदाता: देवाल (22,947)
इनमें 1,789 मतदाता 80 वर्ष से अधिक आयु के हैं, और 447 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। इन मतदाताओं की मदद के लिए आशा, आंगनबाड़ी, एनसीसी, और एनएसएस स्वयंसेवकों को लगाया गया है। सड़क क्षेत्रों में वाहनों की व्यवस्था की गई है।
‘छोटी सरकार’ चुनने की लोकतांत्रिक प्रक्रिया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और हर मतदाता की भागीदारी जरूरी है।
मतदान प्रतिशत 70% से अधिक होने की उम्मीद
राज्य निर्वाचन आयोग को उम्मीद है कि इस बार मतदान प्रतिशत 70-75% तक पहुंच सकता है। पिछली बार 2019 में 69.59% मतदान हुआ था।
मतदान के लिए तैनात सुरक्षाबल
मानसून को ध्यान में रखते हुए NDRF, SDRF और DDRF की टीमों को आपदा संभावित क्षेत्रों में पोलिंग पार्टियों के साथ भेजा गया है।
कितने प्रत्याशी मैदान में?
पद | पदों की संख्या | प्रत्याशी |
ग्राम पंचायत सदस्य | 948 | 2247 |
ग्राम प्रधान | 3393 | 9731 |
क्षेत्र पंचायत सदस्य | 1507 | 4980 |
जिला पंचायत सदस्य | 201 | 871 |
कुल | 6049 | 17,829 |
राज्यभर में पोलिंग बूथों की संख्या
जिला | पोलिंग बूथ |
ऊधमसिंह नगर | 922 |
टिहरी गढ़वाल | 779 |
अल्मोड़ा | 649 |
पौड़ी | 642 |
देहरादून | 509 |
रुद्रप्रयाग | 459 |
बागेश्वर | 461 |
पिथौरागढ़ | 378 |
नैनीताल | 312 |
उत्तरकाशी | 272 |
चमोली | 258 |
चंपावत | 182 |
इन 25 दस्तावेजों से दे सकते हैं वोट
आधार कार्ड, वोटर ID, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पेंशन दस्तावेज, राशन कार्ड, छात्र ID, बैंक पासबुक, भूमि/भवन दस्तावेज, बिजली/पानी/टेलीफोन बिल, गैस बुक, स्वतंत्रता सेनानी कार्ड, SC/ST/OBC प्रमाणपत्र आदि।