केदारनाथ उपचुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रत्याशियों का पैनल स्क्रीनिंग कमेटी को भेज दिया है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पैनल के लिए प्रत्याशियों के नाम तय हो गए थे। शनिवार को दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक पर पैनल पर चर्चा करने के बाद हाईकमान फैसला लेगा। केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस से 13 लोगोंं ने टिकट के लिए दावेदारी की है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पैनल में मनोज रावत, कुंवर सजवाण व लक्ष्मण रावत के नाम भेजे गए हैं।हालांकि दिल्ली में हुई बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मनोज रावत को टिकट देने की वकालत की। बैठक में पैनल के लिए नाम तय हो गए थे। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पैनल स्क्रीनिंग कमेटी को भेज दिया है। शनिवार को दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होने की संभावना है। 27 अक्तूबर तक कांग्रेस प्रत्याशी को एलान कर सकती है।कांग्रेस में आपसी तालमेल बनाने के लिए गठित प्रदेश समन्वय कमेटी की बैठक शनिवार को कांग्रेस कार्यालय में होगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक प्रीतम सिंह, गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। बैठक में केदारनाथ उपचुनाव की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। साथ ही वरिष्ठ नेताओं से सुझाव लिए जाएंगे।





