बिना वैध लाइसेंस के नामी कंपनियों के नाम से बनाई जा रही थीं नकली एलोपैथिक दवाइयाँ
छापेमारी में हजारों जीवन रक्षक दवाइयाँ, पैकिंग मशीनें, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी हरियाणा मार्का शराब, आबकारी होलोग्राम एवं पैकिंग सामग्री बरामद
रुद्रपुर। उत्तराखंड के सीएम निर्देशों में जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में एसटीएफ कुमाऊँ यूनिट एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने जनपद के बाजपुर स्थित कोविल बायोटैक (प्लॉट संख्या एफ-13 एवं एफ-14, औद्योगिक क्षेत्र) पर छापेमारी की। टीम ने वहां से नकली एवं अपमिश्रित औषधियों के अवैध निर्माण का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान धीरेन्द्र पुत्र ब्रहम सिंह, निवासी जनपद बुलन्दशहर (यूपी) को गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ कुमाऊँ के मुताबिक जांच में पाया गया कि अभियुक्त बिना किसी वैध औषधि निर्माण लाइसेंस के आयुर्वेदिक/फूड लाइसेंस की आड़ में STADMED, Macleods, Intas, Sun Pharma सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयाँ एवं जीवन रक्षक औषधियों का निर्माण एवं पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।
अभियुक्त की निशानदेही पर एनएच-74 स्थित गोदाम की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में तैयार नकली दवाइयाँ, पैकिंग सामग्री तथा अवैध अंग्रेजी शराब भी बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्त ने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में सप्लाई करना स्वीकार किया। नकली दवाइयों के अलावा हरियाणा मार्का अवैध अंग्रेजी शराब भी बरामद हुई। अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एसटीएफ उत्तराखंड जनस्वास्थ्य एवं उपभोक्ताओं के जीवन से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों एवं नेटवर्क के संबंध में विस्तृत विवेचना एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।
अजय सिंह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तराखंड
कार्रवाई के दौरान शामिल अधिकारी
एसटीएफ उत्तराखंड:
निरीक्षक विकास चौधरी, एसआई विपिन चंद्र जोशी, एसआई केजी मठपाल, हेड कांस्टेबल महेंद्र गिरी, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, जितेंद्र कुमार, किशन चंद्र शर्मा आदि।
ड्रग टीम:
इंस्पेक्टर नीरज कुमार, मीनाक्षी बिष्ट, निधि शर्मा, शुभम, अर्चना आदि।
कोतवाली पुलिस:
चौकी प्रभारी सुल्तानपुर पट्टी सुरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी दोहरा देवेंद्र सिंह मेहता, समीर चौहान।
आबकारी टीम:
इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह बिष्ट, इंस्पेक्टर कृष्ण चंद।





