Monday, February 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

‘आसिम मुनीर को यूएस आर्मी डे में बुलाया जाना भारत के लिए बड़ा झटका’, कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल

अमेरिका द्वारा भारत-पाकिस्तान को एक साथ जोड़े जाने पर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री से अपनी जिद छोड़ने और सर्वदलीय बैठक और संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘ऐसी खबरें आ रही हैं कि पाकिस्तानी सेना के प्रमुख आसिम मुनीर को अमेरिका के आर्मी डे पर आमंत्रित किया गया है। यह खबर भारत के लिए कूटनीतिक के साथ ही रणनीतिक रूप से भी बड़ा झटका है।’

जयराम रमेश ने कहा कि ‘भारतीय कूटनीति को अमेरिका से तीन बड़े झटके लगे हैं। यह हमारी अमेरिकी नीति पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। यह एक चेतावनी है। पहले अमेरिका के सेंट्रल कमांड प्रमुख जनरल माइकल कुरिल्ला ने पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ शानदार सहयोगी बताया। यह अमेरिका के शीर्ष सैन्य नेतृत्व की तरफ से अजीब बयान है।’कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि ‘दूसरा बड़ा झटका असिम मुनीर को 14 जून को आयोजित हो रहे यूएस आर्मी डे के लिए आमंत्रित किया जाना है। ये वही आसिम मुनीर है, जिसने पहलगाम आतंकी हमले से कुछ दिन पहले ही भड़काऊ और विभाजनकारी बयान दिया था। तीसरा झटका अमेरिकी विदेश विभाग का ताजा बयान है, जिसमें उन्होंने फिर से कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम राष्ट्रपति ट्रंप ने कराया।’

मोदी सरकार कह रही है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। ऐसी स्थिति में पाकिस्तानी सेना के प्रमुख का अमेरिका में आर्मी डे कार्यक्रम में बुलाया जाना गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस ने ये भी कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप लगातार भारत और पाकिस्तान को जोड़कर बयान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री को अब अपनी जिद छोड़ देनी चाहिए और एक सर्वदलीय बैठक और संसद का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए ताकि मौजूदा हालात पर एक मजबूत रोडमैप बनाया जा सके।

Popular Articles