देश-दुनिया की बड़ी खबरों में आज मौसम विभाग (IMD) की तरफ से जारी चेतावनी सबसे अहम घटना है। आईएमडी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 28 मार्च तक आंधी, तूफान और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा विश्व टीबी दिवस के मौके पर केंद्र सरकार राज्य सरकारों को सम्मानित करेगी। एक अन्य अहम घटना दिल्ली विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत होना है। अंतरराष्ट्रीय खबरों में इस्राइल में गृह युद्ध की आशंका और बलूचिस्तान की गांधीवादी कार्यकर्ता महरंग बलूच की गिरफ्तारी सुर्खियों में है। कारोबार के मोर्चे पर अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की तरफ से जारी वैश्विक अर्थव्यस्था की वृद्धि दर में भारत का शीर्ष पर रहना भी चर्चा में है। खेल जगत की खबरों में आईपीएल का दूसरा दिन चर्चा में रहा। चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियंस को पटखनी दी। राज्यों से आने वाली खबरों में जम्मू-कशअमीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास मुठभेड़ और हथियार बरामद होने की खबर चर्चा में रही। इसके अलावा कर्नाटक का कथित हनीट्रैप मामला भी चर्चा में है। कांग्रेस नेताओं के बीच इस मुद्दे पर आम सहमति बनती नहीं दिख रही है। दो मंत्रियों ने कांग्रेस आलाकमान से बात करने के संकेत दिए हैं। महाराष्ट्र की एक अन्य घटना भी चर्चा में रही। यहां डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर कॉमेडियन कुणाल कामरा की टिप्पणी के बाद मुंबई के एक होटल में तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा मनोरंजन की खबरों में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण का बयान चर्चित रहा। दीपिका ने कहा है कि भारत को कई बार सिने जगत के शीर्ष पुरस्कार- ऑस्कर से वंचित रखा गया। उनका ये बयान काफी चर्चा में है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सोमवार से फिर मौसम के मिजाज में बदलाव आने वाला है। जम्मू-कश्मीर से लेकर हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 24 से 28 मार्च तक आंधी, तूफान और बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी हल्की से तेज बारिश हो सकती है। देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस से क्रमिक वृद्धि की संभावना है।