भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अपनी ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) यात्रा पूरी कर रविवार तड़के स्वदेश लौट आए। शुक्ला पिछले एक वर्ष से एक्सिओम-4 मिशन के प्रशिक्षण के लिए अमेरिका में थे।
दिल्ली हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और इसरो अध्यक्ष वी. नारायणन ने उनका स्वागत किया। उनके साथ बैकअप अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी भारत लौटे। नायर गगनयान मिशन के लिए चयनित दल में शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि शुक्ला जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद वे अपने गृहनगर लखनऊ रवाना होंगे और 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में शामिल होने के लिए पुनः राजधानी लौट सकते हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने लिखा—“भारत का अंतरिक्ष गौरव भारत की धरती पर लौट आया। भारत माता के सपूत गगनयात्री शुभांशु शुक्ला आज दिल्ली पहुंचे।”





