नई दिल्ली। अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया के विमान हादसे को लेकर मृत पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल के परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। हादसे में बेटे को खो चुके 91 वर्षीय पुष्कराज सभरवाल ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के महानिदेशालय को पत्र लिखकर मामले की नई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पत्र में उठाए गंभीर सवाल
29 अगस्त को भेजे गए पत्र में पुष्कराज सभरवाल ने कहा कि 12 जुलाई को प्रस्तुत की गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट अपूर्ण, विसंगतिपूर्ण और ध्यान भटकाने वाली है। उनका कहना है कि इस रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से यह नहीं बताया गया कि हादसा कैसे हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर रिपोर्ट में पायलट पर आरोप लगाए गए, जबकि दूसरी ओर विमान निर्माता कंपनियों को क्लीन चिट दे दी गई।
बेटे की प्रतिष्ठा धूमिल होने की चिंता
पुष्कराज सभरवाल ने अपने पत्र में मीडिया रिपोर्टिंग और अफवाहों पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट के चुनिंदा अंश लीक किए गए, जिनके आधार पर मीडिया ने अटकलें लगाईं कि कैप्टन सुमित मानसिक दबाव में थे और आत्महत्या के विचार से ग्रस्त थे। उन्होंने कहा कि इस तरह की अटकलों ने उनके बेटे की प्रतिष्ठा और पेशेवर छवि को गहरी क्षति पहुंचाई।
हादसे में 260 लोगों की मौत
गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर (उड़ान संख्या AI-171) दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे में 241 यात्रियों सहित कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी। पायलट दल में कैप्टन सुमित सभरवाल भी शामिल थे।
अधिकारियों की चुप्पी
पुष्कराज सभरवाल ने मांग की है कि इस हादसे की औपचारिक और गहन जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और उनके बेटे की प्रतिष्ठा बहाल हो सके। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) की ओर से अब तक इस पत्र पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।





