Tuesday, July 15, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

अशोक गजपति राजू गोवा के राज्यपाल, अशीम घोष को हरियाणा और कविंदर गुप्ता को लद्दाख का प्रभार

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को तीन नए राज्यपालों और उपराज्यपाल की नियुक्ति की घोषणा की। पूर्व केंद्रीय मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल, प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल और जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। यह नियुक्तियां संबंधित पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

इस क्रम में राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि लद्दाख के उपराज्यपाल ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा (सेवानिवृत्त) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।

अशोक गजपति राजू: अनुभवी प्रशासक और पूर्व मंत्री

तेलुगू देशम पार्टी से जुड़े अशोक गजपति राजू पूर्व में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री (2014–2018) रह चुके हैं। वे 1978 से 2014 तक सात बार आंध्र प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे। उन्होंने राज्य सरकार में आबकारी, वाणिज्यिक कर, वित्त और राजस्व मंत्री जैसे पदों पर भी कार्य किया है।

प्रो. अशीम घोष: शिक्षाविद से राज्यपाल तक

प्रोफेसर अशीम कुमार घोष, एक वरिष्ठ शिक्षाविद और पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। 1944 में हावड़ा में जन्मे घोष ने राजनीति विज्ञान में स्नातक किया और लंबे समय तक इसी विषय के प्रोफेसर रहे। 1991 में भाजपा में शामिल हुए घोष को त्रिपुरा जैसे राज्यों में संगठन के विस्तार का भी दायित्व सौंपा गया था।

कविंदर गुप्ता: लद्दाख के नए उपराज्यपाल

कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रहे हैं। उन्हें लद्दाख के उपराज्यपाल का प्रभार सौंपा गया है। उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब लद्दाख में प्रशासनिक चुनौतियों के साथ ही राजनीतिक संवाद को लेकर नए प्रयास हो रहे हैं।

Popular Articles