ऑपरेशन सिंदूर के बाद सभी सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। देश की अलग-अलग जगहों पर ऑपरेट कर रहे आतंकी संगठनों से जुड़े एजेंट्स पर तेजी से शिकंजा कसा जा रहा है। तीन आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। गुजरात ATS ने बेंगलुरु से एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसका संबंध खूंखार आतंकी संगठन अल कायदा से बताया जा रहा है।
महिला का नाम शमा परवीन है, जिसकी उम्र 30 साल है। गुजरात ATS ने खुफिया जानकारी के आधार पर समा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी ने इसकी जानकारी दी है। उनके अनुसार, शमा परवीन भारत में अल कायदा की मास्टरमाइंड थी। वो बेंगलुरु से ऑपरेट कर रही थी। पिछले हफ्ते पुलिस ने अल कायदा के ही 3 आतंकियों को पकड़ा था। उनसे पूछताछ के दौरान पुलिस को शमा परवीन के बारे में पता चला और पुलिस ने बेंगलुरु में ही उसे धर दबोचा।