Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव: भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं का डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर रुझान, सर्वे में बड़ा खुलासा

वॉशिंगटन। अमेरिका में होने वाले आगामी मध्यावधि चुनाव से पहले भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं के रुझान को लेकर एक नए सर्वे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। सर्वे के मुताबिक भारतीय-अमेरिकी मतदाता रिपब्लिकन पार्टी की तुलना में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के पक्ष में अधिक दिखाई दे रहे हैं।

एशियन एंड पैसिफिक आइलैंडर अमेरिकन वोट (APIAVote) और AAPI Data के सर्वे के अनुसार, 66 प्रतिशत भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं ने कहा कि वे सीनेट चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार को वोट देंगे, जबकि 22 प्रतिशत ने रिपब्लिकन उम्मीदवार के समर्थन की बात कही। प्रतिनिधि सभा के चुनाव में भी 66 प्रतिशत मतदाताओं ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की इच्छा जताई, जबकि 18 प्रतिशत रिपब्लिकन के साथ थे।

सर्वे में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के बीच मतदान को लेकर भी मजबूत उत्साह सामने आया है। करीब 92 प्रतिशत पंजीकृत भारतीय-अमेरिकी मतदाताओं ने नवंबर में मतदान करने की योजना बताई। इनमें 74 प्रतिशत ने कहा कि वे मतदान को लेकर पूरी तरह निश्चित हैं, जबकि 23 प्रतिशत ने मतदान करने की संभावना जताई।

सर्वे के मुताबिक एशियन-अमेरिकन और पैसिफिक आइलैंडर मतदाताओं के बीच भी डेमोक्रेटिक पार्टी को बढ़त हासिल है। कुल AAPI मतदाताओं में 60 प्रतिशत ने सीनेट के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों और 24 प्रतिशत ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों का समर्थन किया। प्रतिनिधि सभा के चुनाव में यह आंकड़ा डेमोक्रेट्स के पक्ष में 64 प्रतिशत और रिपब्लिकन के पक्ष में 22 प्रतिशत रहा।

मतदाताओं के लिए महंगाई और जीवन-यापन की बढ़ती लागत सबसे अहम मुद्दों में शामिल है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार, सोशल सिक्योरिटी, मेडिकेयर और शिक्षा जैसे मुद्दे भी चुनावी प्राथमिकताओं में ऊपर हैं।

अमेरिका में 2026 के मध्यावधि चुनाव 3 नवंबर को होंगे। इन चुनावों में प्रतिनिधि सभा की 435 सीटों और सीनेट की 35 सीटों के लिए मतदान होना है। सर्वे के आंकड़े संकेत देते हैं कि भारतीय-अमेरिकी मतदाता आगामी चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Popular Articles