अमेरिका द्वारा भारत समेत कई देशों पर टैरिफ लागू करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 1 बजे उच्च स्तरीय कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में भारतीय निर्यात पर 50% तक बढ़ाए गए शुल्क के प्रभाव का आकलन और रणनीतिक प्रतिक्रिया पर चर्चा होगी।
अमेरिका ने गुरुवार आधी रात से 60 से अधिक देशों और यूरोपीय संघ से आने वाले उत्पादों पर 10% या उससे अधिक टैरिफ लागू किया है। यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया से आयात पर 15%, जबकि ताइवान, वियतनाम और बांग्लादेश से आने वाले उत्पादों पर 20% शुल्क लगाया गया है।
अमेरिकी व्यापार संघों ने चेतावनी दी है कि भारत से आयातित मसाले महंगे होने से वहां की रसोइयों, रेस्टोरेंट और खाद्य उद्योग की लागत बढ़ेगी। पिछले वर्ष अमेरिका ने भारत से 41 करोड़ डॉलर से अधिक के मसाले आयात किए थे।
विशेषज्ञों के अनुसार, भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार वार्ता में कृषि और दुग्ध उत्पादों को लेकर मतभेद सबसे बड़ी बाधा बने हुए हैं। अमेरिका भारतीय बाजार में अपने कृषि और डेयरी उत्पादों की पहुंच को लेकर अड़ा हुआ है।