Sunday, February 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका में वैध तरह से आने वालों की राह आसान करेंगे ट्रंप

अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि वह पद संभालने के बाद अवैध प्रवासियों को डिपोर्ट करने यानी देश से निकालने की योजना के साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस (राष्ट्रपति कार्यालय) पहुंचने के बाद वह वैध तरीके से अमेरिका आने वालों की राह भी आसान कर देंगे। ट्रंप अगर अपने बयान के हिसाब से ही आगे की योजना तय करते हैं तो इससे अमेरिका जाकर काम करने वाले भारतीयों को जबरदस्त फायदा होगा। ट्रंप ने कहा, “मुझे लगता है हमें यह करना ही होगा।” ट्रंप ने एनबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में अपनी अवैध प्रवासियों को अमेरिका से निकालने की योजना पर भी बात की। दरअसल, यहां उनसे पूछा गया था कि जो लोग चार साल से ज्यादा से अवैध तरह से अमेरिका में रह रहे हैं क्या वे उन्हें डिपोर्ट करने की योजना बना रहे हैं। इस पर ट्रंप ने कहा, “आपके पास कुछ नियम-कायदे होने चाहिए। वे लोग अवैध तरह से आ गए और कुछ लोग इस देश में आने के लिए पिछले 10 साल से ऑनलाइन हैं। उनके साथ यह अन्याय है। हम उन लोगों के लिए यहां आना बहुत ही आसान करने वाले हैं। खासकर टेस्ट पास करने के लिहाज से। उन्हें बस यह बताने के काबिल होना चाहिए कि स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी क्या है। उन्हें अमेरिका के बारे में थोड़ी जानकारी होनी चाहिए। उन्हें हमारे देश से प्यार करना होगा।”

ट्रंप ने आगे कहा, “हम ऐसे लोगों को अमेरिका में नहीं चाहते जिन पर हत्या के केस हों। अमेरिका में पिछले तीन साल में 13,099 हत्यारों को छोड़ा गया है। वे सड़कों पर खुलेआम घूम रहे हैं। वे आपके और आपके परिवार के साथ चल रहे हैं। वे बेहद खतरनाक हैं। आप ऐसे लोगों को अपने देश में नहीं चाहेंगे।”

रिपब्लिकन पार्टी के नेता ने कहा, “मैं यह कह रहा हूं कि हमें अपराधियों को देश से निकालना होगा। हमें मानसिक स्वास्थ्य केंद्रों से निकाले गए लोगों को वापस वहीं भेजना होगा, फिर चाहे वह कोई भी देश हो।” इसी के साथ ट्रंप ने साफ किया कि देश से निकालने के लिए वह अवैध प्रवासियों में भी सबसे पहले अपराधियों को निशाना बनाएंगे और उन्हें डिपोर्ट करवाएंगे।

Popular Articles