Saturday, February 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अमेरिका ने अवैध रूप से रह रहे 2,790 भारतीयों को किया वापस भेजा

नई दिल्ली। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे और वहां के निवास मानदंडों को पूरा न करने वाले 2,790 भारतीय नागरिकों को इस साल जनवरी से अब तक भारत वापस भेजा गया है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी साझा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेसवार्ता में बताया कि “जनवरी 2025 से अब तक लगभग 2,790 भारतीय नागरिकों को अमेरिका ने भारत वापस भेजा है। ये वे लोग हैं जो वहां रहने के मानदंडों को पूरा नहीं करते थे और अवैध रूप से रह रहे थे।”
उन्होंने बताया कि इन सभी मामलों में भारत सरकार ने संबंधित एजेंसियों के माध्यम से प्रमाणपत्रों और राष्ट्रीयता का सत्यापन किया, जिसके बाद इन व्यक्तियों को भारत लाया गया। जायसवाल ने कहा, “हमने सभी लोगों के दस्तावेजों की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि वे भारतीय नागरिक ही हैं। यह आंकड़ा 29 अक्टूबर 2025 तक का है।”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि भारत और अमेरिका के बीच अवैध प्रवासियों की वापसी को लेकर नियमित सहयोग तंत्र काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच इस मुद्दे पर निरंतर संवाद और समन्वय जारी है ताकि ऐसे मामलों में शीघ्र और पारदर्शी कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि हाल के वर्षों में अमेरिका सहित कई देशों ने अवैध प्रवास पर सख्त रुख अपनाया है। बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रोजगार या स्थायी निवास की तलाश में अवैध तरीके से विदेशों में रहने का प्रयास करते हैं। भारत सरकार लगातार यह सलाह देती रही है कि नागरिक वैध माध्यमों से ही विदेश यात्रा करें और स्थानीय कानूनों का पालन करें।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, विदेश मंत्रालय और भारत के दूतावास ऐसे मामलों में नागरिकों को कानूनी व कांसुलर सहायता भी उपलब्ध कराते हैं, ताकि उनकी वापसी सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से हो सके।

Popular Articles