वॉशिंगटन/बोगोटा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार को कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेत्रो, उनकी पत्नी वेरोनिका अलकोसेर गार्सिया, बेटे निकोलस पेत्रो और गृह मंत्री आर्मांडो बेनेडेट्टी पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। इनपर वैश्विक मादक पदार्थ व्यापार में संलिप्तता का आरोप लगाया गया है। इस कदम के बाद कोलंबिया और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ गया है।
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने कहा कि पेत्रो ने ‘ड्रग कार्टेल्स को पनपने से रोकने के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की’। इसके बाद ट्रंप प्रशासन ने चेतावनी दी कि अमेरिका अपनी सुरक्षा के लिए ‘कड़े कदम’ उठाएगा। हाल ही में दक्षिण अमेरिकी तटों पर कथित मादक पदार्थ सप्लाई करने वाली नौकाओं पर अमेरिकी हमले किए गए हैं। अब अमेरिका ने तनाव बढ़ाते हुए एक विमानवाहक पोत तैनात करने का एलान भी किया है।
अमेरिका ने 30 वर्षों में पहली बार कोलंबिया को ‘सहयोग न करने वाले’ देशों की सूची में डाला
अमेरिका ने लगभग 30 वर्षों में पहली बार कोलंबिया को उन देशों की सूची में शामिल किया है, जो ‘ड्रग के खिलाफ युद्ध में सहयोग नहीं कर रहे’। यह कदम द्विपक्षीय संबंधों में असामान्य कड़ा रुख माना जा रहा है।
पेत्रो ने आरोपों का किया खंडन
अमेरिकी कार्रवाई के जवाब में राष्ट्रपति पेत्रो ने कहा कि ट्रंप प्रशासन ‘झूठे आरोप’ लगा रहा है। पेत्रो ने अमेरिकी अदालतों में कानूनी कार्रवाई का हवाला देते हुए कहा कि उनकी सरकार की मादक पदार्थ नीति संतुलित और प्रभावी है। उन्होंने बताया कि उनकी नीति से कोका पत्ती उगाने वाले किसानों को वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे वे अवैध कोकीन उत्पादन से दूर रहें।
ड्रग माफियाओं पर शिकंजा कसने में सरकार सक्रिय
पेत्रो ने कहा कि उनकी सरकार बड़े ड्रग माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई कर रही है और मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों से निपटने पर भी ध्यान दे रही है। पेत्रो के अनुसार, इसी रणनीति के तहत कोलंबियाई अधिकारियों ने रिकॉर्ड मात्रा में कोकीन जब्त की है।
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में कोलंबिया में कोका की खेती का क्षेत्रफल 2.53 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया, जो रिकॉर्ड है। पेत्रो ने इस आंकड़े पर भी सवाल उठाए हैं और इसे केवल मीडिया और राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बताया।
द्विपक्षीय संबंधों पर असर
विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका और कोलंबिया के बीच यह तनाव दोनों देशों के संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा पर असर डाल सकता है। पेत्रो प्रशासन की मादक पदार्थ नीति, किसानों को वैकल्पिक रोजगार देना और ड्रग माफियाओं पर कार्रवाई, अमेरिका की आलोचना और सुरक्षा उपायों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती बन गई है।
अमेरिका-कोलंबिया तनाव तेज: ट्रंप प्रशासन ने राष्ट्रपति पेत्रो और परिवार पर लगाए प्रतिबंध, पेत्रो ने आरोपों का किया खंडन





