देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्तूबर में केदारनाथ धाम के दौरे पर आ सकते हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 22 से 25 अक्तूबर के बीच उनका उत्तराखंड दौरा हो सकता है। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से अभी तक दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। एसपीजी की टीम केदारनाथ धाम का निरीक्षण भी कर चुकी है। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना करने के साथ ही धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर सकते हैं।
छह बार कर चुके हैं केदारनाथ के दर्शन
प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी अब तक छह बार केदारनाथ धाम जा चुके हैं। इससे पहले उन्होंने 21 अक्तूबर 2022 को केदारनाथ का दौरा किया था। इस बार प्रस्तावित यात्रा को लेकर प्रशासन और संबंधित विभाग तैयारियों में जुटे हैं।
टिहरी में पंप स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण संभव
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान टिहरी जिले में टीएचडीसी के 1,000 मेगावाट क्षमता वाले पंप स्टोरेज प्लांट का लोकार्पण भी कर सकते हैं। हालांकि, इस कार्यक्रम की भी अंतिम आधिकारिक पुष्टि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से होना बाकी है।
केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण और मास्टर प्लान से जुड़े कार्यों की प्रगति पर भी प्रधानमंत्री की नजर रहेगी। राज्य में चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बुनियादी सुविधाओं और निर्माण कार्यों को लेकर भी लगातार समीक्षा की जा रही है।





