Friday, February 13, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अंग्रेजी बनी अमेरिका की आधिकारिक भाषा

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चौंकाने वाला कार्यकारी आदेश जारी किया है। ट्रंप ने अब अंग्रेजी को अमेरिका की आधिकारिक भाषा घोषित किया है। उन्होंने कहा कि इससे विश्व भर के अप्रवासियों वाले देश में एकजुटता आएगी। व्हाइट हाउस ने ट्रंप का कार्यकारी आदेश एक्स पर पोस्ट किया। इसमें कहा गया कि अब समय आ गया है कि अंग्रेजी को देश की आधिकारिक भाषा घोषित किया जाए। व्हाइट हाउस ने लिखा कि एक राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित भाषा एकीकृत और सामंजस्यपूर्ण समाज का मूल है। संयुक्त राज्य अमेरिका ऐसे नागरिकों से मजबूत होता है जो एक साझा भाषा में विचारों का स्वतंत्र रूप से आदान-प्रदान कर सकते हैं।

आदेश में कहा गया है कि एजेंसियों को यह छूट दी गई है कि वे अंग्रेजी के अलावा अन्य कितनी भी भाषाओं में सेवाएं दे सकते हैं। यह आदेश किसी भी एजेंसी को अपनी सेवा में परिवर्तन का निर्देश नहीं देता है। एजेंसी प्रमुखों को यह निर्धारित करने का अधिकार है कि अपनी-अपनी एजेंसियों के मिशन को पूरा करने और अमेरिकी लोगों को कुशलतापूर्वक सरकारी सेवाएं प्रदान करने के लिए क्या आवश्यक है?

व्हाइट हाउस ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका में 350 से ज्यादा भाषाएं बोली जाती हैं। हमारे गणराज्य की स्थापना के समय से अंग्रेजी राष्ट्र की भाषा रही है। हमारे ऐतिहासिक शासकीस दस्तावेज, स्वतंत्रता की घोषणा और संविधान भी अंग्रेजी में लिखे गए हैं। अमेरिकी सरकार के 2019 के एक रिकॉर्ड के मुताबिक देश में 6.8 करोड़ से अधिक लोग अपने घर पर अंग्रेजी के अलावा अन्य भाषा बोलते हैं। जबकि चार करोड़ से अधिक लोग स्पैनिश में बात करते हैं। हालांकि अंग्रेजी बहुसंख्यक भाषा है। इसलिए यहां अंग्रेजी का प्रभाव ज्यादा माना जाता है। 

Popular Articles