Top 5 This Week

Related Posts

होर्मुज हमले के बाद ईरान का पलटवार, जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें

तेहरान। होर्मुज जलडमरूमध्य के लारक द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भी अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ड्रोन हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस घटनाक्रम से पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है।

IRGC के मुताबिक, जॉर्डन स्थित किंग हुसैन और अलअजराक में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को मिसाइलों से निशाना बनाया गया। ईरान ने इसे लारक द्वीप पर अमेरिकी कार्रवाई का जवाब बताया है। जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली आठ मिसाइलों को रोक दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार हमले में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को मार गिराने का भी दावा किया है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। दूसरी ओर, अमेरिका ने लारक द्वीप पर कार्रवाई को सीमित और सटीक सैन्य अभियान बताया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, ईरानी बल समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने की तैयारी कर रहे थे, जिसके बाद दो रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाया गया।

ईरानी मीडिया ने लारक द्वीप के आसपास धमाकों की सूचना दी है। IRGC ने कहा है कि अमेरिकी हमले में उसके कुछ लड़ाके और नागरिक मारे गए या घायल हुए हैं, हालांकि मृतकों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं की गई है।

लगभग एक महीने की सैन्य शांति के बाद अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा सीधा टकराव हुआ है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के प्रमुख तेल और समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। ऐसे में यहां बढ़ता सैन्य तनाव वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और तेल बाजार के लिए भी चिंता बढ़ा सकता है।

 

Popular Articles