तेहरान। पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में तीन तेल टैंकरों में आग लगने की घटना सामने आई है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि तीनों टैंकर समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए। ईरान ने आरोप लगाया कि जहाजों ने उसकी नौसेना की चेतावनियों को नजरअंदाज किया और प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में प्रवेश किया था।
नेविगेशन सिस्टम बंद कर आगे बढ़ रहे थे जहाज
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, IRGC ने आरोप लगाया कि तीनों तेल टैंकरों ने अपने नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखे थे और निर्धारित सुरक्षित समुद्री मार्ग का इस्तेमाल नहीं किया। इसके बाद वे समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आ गए। ईरानी सेना का कहना है कि तीनों जहाजों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया है।
हालांकि, ईरान के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। जहाजों के नाम, उनके चालक दल की स्थिति और नुकसान की विस्तृत जानकारी भी तत्काल सामने नहीं आई।
ईरान ने जहाजों को दी सख्त चेतावनी
IRGC ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी जहाजों को ईरानी सैन्य अधिकारियों के साथ समन्वय करना होगा। जहाजों को निर्धारित समुद्री गलियारों का इस्तेमाल करने और अपने ट्रैकिंग एवं नेविगेशन सिस्टम चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। ईरान ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले जहाजों को गंभीर खतरे का सामना करना पड़ सकता है।
अमेरिकी हमले के बाद बढ़ा तनाव
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले अमेरिका ने ईरान के क़ेश्म द्वीप पर IRGC के मिसाइल ठिकाने को निशाना बनाकर सटीक हमले किए थे। अमेरिकी अधिकारियों ने इसे आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया था।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। दुनिया के कुल तेल और गैस व्यापार का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है।





