Top 5 This Week

Related Posts

हैदराबाद में नकली नोटों का बड़ा गिरोह पकड़ा, 6.78 करोड़ रुपये की जाली करेंसी बरामद; चार गिरफ्तार

हैदराबाद। तेलंगाना पुलिस ने नकली नोट छापने और उनकी सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6.78 करोड़ रुपये की जाली करेंसी बरामद की है। सभी नोट 500 रुपये के हैं। इस कार्रवाई में प्रिंटर, लैपटॉप, स्कैनर और नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

फ्यूचर सिटी पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और शादनगर की स्पेशल ऑपरेशन टीम (एसओटी) ने एक नवंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास एक कार को रोककर तलाशी ली थी। इस दौरान कार से आठ लाख रुपये के नकली नोट, फर्जी पुलिस पहचान पत्र, नकली पिस्तौल और वॉकी-टॉकी बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मडुपोजू कर्णाकर, चिनोल्ला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपेल्ली रत्नाकर रेड्डी और करनम अजय कुमार के रूप में हुई है। पुलिस आयुक्त तरुण जोशी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने नकली नोट छापने के ठिकाने के बारे में जानकारी दी।

किराये के मकान में चल रही थी छपाई

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुंतलूर स्थित एक किराये के मकान में छापा मारा। यहां से 6.70 करोड़ रुपये के नकली नोटों के 134 बंडल बरामद किए गए। इसके अलावा रंगीन प्रिंटर, लैपटॉप, लेमिनेशन मशीन और नोट काटने की मशीन भी जब्त की गई।

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर करते थे ठगी

जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पहले ग्राहकों को असली नोट दिखाकर भरोसे में लेते थे और तीन से चार गुना नकली करेंसी देने का लालच देते थे। इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य फर्जी पुलिसकर्मी बनकर मौके पर पहुंचते और नकली पहचान पत्र, वॉकी-टॉकी तथा नकली पिस्तौल दिखाकर ग्राहकों को डराते थे। इस तरह वे लोगों की असली रकम लेकर फरार हो जाते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के मुख्य आरोपी ने यूट्यूब वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए असली नोटों को स्कैन करने, उनकी तस्वीरों में बदलाव करने और नकली नोट छापने का तरीका सीखा था।

मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Popular Articles