अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार (भारतीय समयानुसार) को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इस दौरान ट्रंप ने आव्रजन, अर्थव्यवस्था और सुरक्षा पर तेज और निरंतर कार्रवाई का श्रेय लिया। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘अमेरिका का सुनहरा दौर लौट चुका है। अमेरिका की रफ्तार लौट आई है। अमेरिका का सम्मान और विश्वास लौट आया है। हमारा आत्मविश्वास वापस आ गया है। हमने 43 दिन में वह साब कर के दिखाया है, जो बाकी सरकारें 43 साल में नहीं कर पाईं। यह तो बस शुरुआत है। अमेरिका फिर से महान बनने लगा है।’ ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘बाइडन सबसे खराब राष्ट्रपति थे। उनके कार्यकाल में अवैध घुसपैठ बढ़ी। उनके बनाए कानून विकास के रास्ते का सबसे रोड़ा था। इसलिए अमेरिका ने मुझे चुना। अमेरिका को मुझ पर भरोसा है। हमने अवैध घुसपैठ रोकी है। हमने अवैध अप्रवासियों को बाहर वापस भेजा है। हमने अर्थव्यवस्था को फिर से मजबूत करने का काम किया है। अब अमेरिका फिर से बड़े सपने देख सकता है।’संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘6 सप्ताह पहले मैं इस कैपिटल के गुंबद के नीचे खड़ा था और अमेरिका के स्वर्ण युग की घोषणा की थी। उस क्षण से हमारे देश के इतिहास में महान और सबसे सफल युग को सुनिश्चित करने के लिए केवल तेज और अथक कार्रवाई की गई है। हमने 43 दिनों में इतना कुछ हासिल किया है जितना कि अधिकांश प्रशासनों ने 4 या 8 वर्षों में हासिल किया है और हम अभी शुरुआत कर रहे हैं। हमारा उत्साह, गौरव और आत्मविश्वास वापस आ गया है।
ट्रंप ने कहा, ‘मैंने अब तक लगभग 100 एग्जीक्यूटिव ऑर्डर्स पर साइन किए हैं और छह हफ्ते पहले पद संभालने के बाद 400 से ज्यादा कार्यकारी कदम उठाए हैं। हमारी 43 दिन की सरकार इतिहास की सबसे सफल सरकार है। लोगों ने मुझे इस काम के लिए चुना और मैं यह कर रहा हूं। अब जॉर्ज वाशिंगटन का कार्यकाल दूससे नंबर पर आ गया है। मेरी सरकार अब टॉप पर है।’ ट्रंप ने कहा, ‘…हमने हथियारबंद सरकार को खत्म कर दिया है, उदाहरण के लिए एक बैठे हुए राष्ट्रपति को मेरे जैसे अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पर क्रूरतापूर्वक मुकदमा चलाने की अनुमति है, यह कैसे काम कर सकता है? यह अच्छा नहीं था। हमने अमेरिका में मुक्त भाषण वापस लाया है। दो दिन पहले मैंने अंग्रेजी को अमेरिका की आधिकारिक भाषा बनाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं।’ ट्रंप ने कहा, ‘पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर मैंने हमारी दक्षिणी सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी। मैंने अपने देश पर आक्रमण को रोकने के लिए अमेरिकी सेना और सीमा गश्ती दल को तैनात किया और उन्होंने क्या शानदार काम किया है! नतीजतन पिछले महीने अवैध सीमा पार करने की घटनाएं अब तक के सबसे कम रिकॉर्ड की गईं। इसकी तुलना में अमेरिकी इतिहास के सबसे खराब राष्ट्रपति जो बाइडन के शासन में हर महीने सैकड़ों हजारों अवैध क्रॉसिंग होती थीं।