देवाल-वान मोटर मार्ग पर 13वें किलोमीटर पर सड़क धंसने और मलबा आने से 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह बाधित हो गया है। करीब 100 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त होने से सूयालकोट क्षेत्र के 15 गांवों का संपर्क टूट गया है।
पिछले एक सप्ताह से सड़क बंद रहने के कारण प्रभावित गांवों में आटा, चीनी, नमक, तेल और गैस जैसी ज़रूरी वस्तुओं का संकट गहरा गया है। उदयपुर, मानमती, डुंग्री, बांजनी, ताली सहित कई गांवों में आटा खत्म हो चुका है। सरकारी राहत सामग्री भी क्षेत्र तक नहीं पहुंच पा रही है।
लगातार भूस्खलन से मरम्मत कार्य प्रभावित
देवाल-खला-मानमती मार्ग समेत 250 मीटर लंबी सड़क पर जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है। ग्राम प्रधान पूनम सिंह के अनुसार, सड़क के दोनों ओर मलबा हटाने का कार्य जारी है, लेकिन लगातार बारिश से काम धीमा पड़ गया है।
सड़क बंद होने से न केवल राशन का संकट है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और बीमारों को अस्पताल पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क खोलने की मांग की है।





