Saturday, March 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

सीमा पर गोलीबारी से बढ़ा तनाव, उत्तर कोरिया ने लगाया उकसावे का आरोप

सियोल/प्योंगयांग। उत्तर और दक्षिण कोरिया की सीमा पर मंगलवार को हुई गोलीबारी से दोनों देशों के बीच तनाव और गहरा गया है। उत्तर कोरिया ने आरोप लगाया कि जब उसके सैनिक सीमा पर टैंक रोधी बैरियर और किलेबंदी का काम कर रहे थे, तभी दक्षिण कोरियाई सेना ने चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाईं।

उत्तर कोरियाई पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख को जोंग चोल ने कहा कि यह घटना दक्षिण कोरिया-अमेरिका के संयुक्त ग्रीष्मकालीन सैन्य अभ्यास के दौरान हुई है। उन्होंने दक्षिण कोरिया पर “खतरनाक उकसावे” का आरोप लगाते हुए इसे तनाव बढ़ाने की कोशिश बताया।

वहीं, दक्षिण कोरिया के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ ने स्वीकार किया कि उनकी सेना ने चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाईं। उनका कहना है कि उत्तर कोरियाई सैनिक कुछ देर के लिए सैन्य सीमांकन रेखा (एमडीएल) पार कर गए थे, लेकिन बाद में बिना किसी टकराव के लौट आए।

हाल के महीनों में दक्षिण कोरिया कई बार सीमा पार करने वाले उत्तर कोरियाई सैनिकों को लाउडस्पीकर और गोलीबारी से चेतावनी देता रहा है। इस बीच उत्तर कोरिया सीमा पर बैरियर, बारूदी सुरंगें और अन्य सैन्य ढांचे खड़े कर अपनी सुरक्षा मजबूत कर रहा है।

तनाव की पृष्ठभूमि
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन बीते साल साफ कर चुके हैं कि वे अब दोनों कोरियाओं के शांतिपूर्ण एकीकरण का लक्ष्य छोड़ चुके हैं और दक्षिण कोरिया को स्थायी दुश्मन मानते हैं। वहीं, नए दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे म्यांग ने 2018 के सैन्य समझौते को बहाल कर बातचीत शुरू करने की पेशकश की थी, लेकिन प्योंगयांग ने उसे ठुकरा दिया।

Popular Articles