Top 5 This Week

Related Posts

सीएम धामी ने मेलाघाट छठ घाट पर उगते सूर्य को दिया अर्घ्य, प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की

खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार सुबह ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा स्थित मेलाघाट के बाइस पुल छठ घाट पर पहुंचकर छठ महापर्व में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का पारंपरिक रूप से समापन हुआ।

मुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने घाट पर मौजूद व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

बचपन से छठ आयोजन में होते रहे हैं शामिल

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह बचपन से ही खटीमा में आयोजित होने वाले छठ पर्व के कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व महिलाओं की कठिन तपस्या, अटूट आस्था, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के साथ मनाया जाता है।

खटीमा को बताया लघु भारत

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा एक लघु भारत की तरह है, जहां विभिन्न समाज और समुदाय के लोग सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाते हैं। अपने गृह क्षेत्र में आयोजित होने वाले धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में लोगों के बीच उपस्थित रहना उन्हें विशेष खुशी देता है।

उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री के छठ घाट पहुंचने पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता जताई। सूर्यदेव को अर्घ्य देने और पूजा-अर्चना के साथ घाट पर छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ।

Popular Articles