सीओ सिटी और एसडीएम से मिल कर शिकायती पत्र सौंपे, कार्रवाई की मांग की
रुद्रपुर। जिला मुख्यालय रुद्रपुर के उद्योगपति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपना बिजनेस पार्टनर बताकर किसानों से जबरन खेत की भूमि बेचने का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। नाराज किसानों ने रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर सीओ सिटी विभव सैनी और एसडीएम मनीष बिष्ट से मुलाकात करते हुए शिकायती पत्र कर कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को कोतवाली पहुंचे किसानों ने सीओ सिटी और एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में कहा कि उनकी कृषि भूमि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लंबाखेड़ा में स्थित है। उन्होंने बताया कि शहर के एक उद्योगपति के द्वारा उनके खेत के पड़ोस में शिव श्री फ़ूड इंडस्ट्रीज के नाम से एक प्लांट लगाया जा रहा है। आरोप है कि उनसे भी उनके खेत को बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। आरोप है कि उद्योगपति के द्वारा मुख्यमंत्री धामी को इंडस्ट्रीज में पार्टनर बताते हुए कृषि भूमि बेचने का दावा बनाया जा रहा है। जबकि वह भूमि बेचने के इच्छुक नहीं है और भूमि ना बेचने पर सरकारी रास्ता बंद करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने सीओ विभव सैनी को शिकायती पत्र देकर जांच के बाद कार्रवाई की मांग की है। किसानों ने कहा कि अगर इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करने को मजबूर होंगे। सीओ सिटी का कहना था कि मामला राजस्व का है और उन्होंने किसानों से एडीएम से मिलने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि वह शिकायती पत्र को संज्ञान लेगें।सीओ से मिलने वालों में दौलत बठला,सोमनाथ बठला, राकेश बठला, गुरबख्श लाल, जगदीश लाल,अनवार हुसैन,अनिल,आमिर हुसैन,समेत तमाम किसान मौजूद रहे।





