Top 5 This Week

Related Posts

सिडकुल में नकली शैंपू फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, एक फरार

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में नकली शैंपू बनाने के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सिडकुल पुलिस और ड्रग्स विभाग की संयुक्त कार्रवाई में हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) के मशहूर ब्रांड क्लिनिक प्लस और सनसिल्क के नाम से तैयार किए जा रहे नकली शैंपू की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया गया। मौके से तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति छत के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने फैक्टरी से करीब 15 लाख रुपये का नकली माल और उपकरण जब्त किए हैं।

गुप्त सूचना पर छापा
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डेंसो चौक, गंगोत्री एनक्लेव फेस-3 स्थित एक मकान में अवैध फैक्टरी चलाई जा रही है। इस पर एसओ नितेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस और ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। पुलिस को देखते ही एक आरोपी छत से कूदकर फरार हो गया। हालांकि, टीम ने मौके से हसीन अहमद, शहबान और मोहसिन नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। ये तीनों लंढौरा और मंगलौर के निवासी बताए गए हैं।

भारी मात्रा में नकली सामान बरामद
तलाशी में एक कमरे से भारी मात्रा में नकली शैंपू और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ। इसमें चार ड्रम कच्चा माल (करीब 1,350 लीटर), एक शैंपू फिलिंग मशीन, 800 खाली बोतलें, 32 पेटियां तैयार नकली शैंपू और बड़ी मात्रा में लेबल शामिल हैं। मौके पर बुलाए गए ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह और कंपनी के लीगल मैनेजर ने बरामद सामान को पूरी तरह नकली और अवैध बताया।

बिना लाइसेंस कर रहा था कारोबार
मुख्य आरोपी हसीन अहमद ने पूछताछ में कबूल किया कि वह बिना किसी लाइसेंस और वैध दस्तावेज के नकली शैंपू का कारोबार चला रहा था। उसके पास न तो ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत लाइसेंस था और न ही कच्चे माल या लेबलिंग संबंधी कोई वैध कागजात।

कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धारा 316, 318, 61(2) और 63/65 कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Popular Articles