Top 5 This Week

Related Posts

साहिल वकोडे आत्महत्या मामले के बाद IIT बॉम्बे में मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित

मुंबई। आईआईटी बॉम्बे में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वकोडे की आत्महत्या के बाद कैंपस में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच संस्थान ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। पहले ये परीक्षाएं 26 और 27 सितंबर को होनी थीं, लेकिन अब इन्हें 10 और 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

साहिल वकोडे ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग के छात्र थे। 19 सितंबर को परीक्षा के दौरान उनके पास मोबाइल फोन पाए जाने की बात सामने आई थी। आईआईटी बॉम्बे के अनुसार, उन्होंने परीक्षा का प्रश्नपत्र एक एआई प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उत्तर हासिल करने का प्रयास किया था। संस्थान का कहना है कि घटना के बाद उनसे विभागीय स्तर पर बातचीत की गई थी और उनके खिलाफ तत्काल कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी।

इसके कुछ घंटे बाद साहिल अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने कैंपस में प्रदर्शन किया और प्रशासन से मामले में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं। आईआईटी बॉम्बे के निदेशक शिरीष केदार ने छात्रों से मुलाकात कर उनकी 18 मांगों पर चर्चा की थी।

मामले में साहिल के पिता की शिकायत पर पुलिस ने एक प्रोफेसर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। परिवार ने जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। वहीं, संस्थान ने जातिगत भेदभाव के आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि साहिल की ओर से ऐसी कोई शिकायत संस्थान के एससी-एसटी सेल या प्रशासन को नहीं दी गई थी। मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है।

आईआईटी बॉम्बे ने परीक्षा स्थगित करने का फैसला ऐसे समय में लिया है, जब छात्र समुदाय इस घटना को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है। नई परीक्षा तिथियों के अनुसार मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं अब 10 और 11 अक्टूबर को होंगी।

Popular Articles