हल्द्वानी। साइबर ठगों के जाल में फंसकर एक हेल्थ सेंटर संचालक को लाखों रुपये गंवाने पड़े। ऑनलाइन मंगाए गए सामान को मुंबई एयरपोर्ट पर फंसा बताकर ठगों ने टैक्स के नाम पर रकम ऐंठ ली। हैरानी की बात यह है कि साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन ठगों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। काठगोदाम कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संजय कॉलोनी, आवास विकास निवासी चंदन सिंह का देवलचौड़ में हेल्थ सेंटर है। वह बेंगलुरु और मुंबई से ऑनलाइन उत्पाद मंगाते हैं। आरोप है कि दस दिन पूर्व एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके हेल्थ सेंटर का सामान मुंबई एयरपोर्ट पर फंसा हुआ है। सामान छुड़ाने के लिए टैक्स जमा करना होगा।
ठग के झांसे में आकर चंदन सिंह ने पहले 48,500 रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिए। इसके बाद उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक की टांडी पुलिया शाखा से दिल्ली स्थित पंजाब नेशनल बैंक के खाते में एक लाख 99 हजार 900 रुपये आरटीजीएस के माध्यम से भेज दिए। इस तरह उनके खाते से कुल 2 लाख 48 हजार 500 रुपये निकल गए।
खुद के साथ धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने काठगोदाम कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। अब पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, ठगी की रकम किन खातों में पहुंची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।




