ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में अपराध और बेघर लोगों पर सख्त कार्रवाई करने का फैसला किया है। इसी के तहत वेस्ट वर्जीनिया के सैकड़ों नेशनल गार्ड्स राजधानी में तैनात किए जाएंगे। वेस्ट वर्जीनिया के रिपब्लिकन गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि वह ट्रंप प्रशासन के अनुरोध पर 300 से 400 नेशनल गार्ड्स का एक दल पास के वाशिंगटन भेज रहे हैं। उन्होंने बताया कि ये गार्ड विशेष उपकरण और प्रशिक्षण सेवाओं के साथ जिले में पहुंचेंगे। गवर्नर मॉरिसी ने कहा, ‘हमें गर्व है कि हम राष्ट्रपति ट्रंप के साथ देश की राजधानी के गौरव और सौंदर्य को बहाल करने के काम में खड़े हैं। हमारे नेशनल गार्ड के पुरुष और महिलाएं हमारे राज्य के सर्वश्रेष्ठ का प्रतिनिधित्व करते हैं। यह मिशन एक मजबूत और सुरक्षित अमेरिका के प्रति हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’इससे पहले सोमवार (स्थानीय समयानुसार) को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश जारी कर वाशिंगटन की पुलिस व्यवस्था को अपने हाथ में ले लिया था और करीब 800 डीसी नेशनल गार्ड सैनिकों को सक्रिय किया था। इसके बाद से, राजधानी में भारी संख्या में संघीय एजेंट और नेशनल गार्ड के जवान दिखाई देने लगे हैं।
मिशन के लिए उपयोगी साबित होंगी गार्ड की क्षमताएं: सीवार्ड
वेस्ट वर्जीनिया के एडजुटेंट जनरल मेजर जनरल जेम्स सीवार्ड ने एक बयान में कहा कि राज्य के नेशनल गार्ड के सदस्य राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हमारे सहयोगियों का समर्थन करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल गार्ड की विशेष क्षमताएं इस मिशन के लिए उपयोगी साबित होंगी।
लोगों-नेताओं में देखने को मिलीं अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं
हालांकि, इस कदम से वाशिंगटन के लोगों और नेताओं में अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं। कुछ लोग इस कदम की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ विरोध और कई लोग चिंतित भी हैं। शहर के नेता मजबूरी में राष्ट्रपति के आदेशों को मान रहे हैं, लेकिन वे इस बात से नाराज हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप स्थानीय शासन में दखल दे रहे हैं।




