भुवनेश्वर/कराकास। भूकंप से प्रभावित वेनेजुएला ने आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए ओडिशा के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहे गए ‘जीरो कैजुअल्टी मॉडल’ में रुचि दिखाई है। इसी सिलसिले में पूर्व आईएएस अधिकारी और पूर्व बीजद नेता वी.के. पांडियन ने वेनेजुएला का दौरा कर वहां की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की।
पांडियन ने भूकंप प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों के साथ बैठक कर ओडिशा और भारत के आपदा प्रबंधन मॉडल के अनुभव साझा किए। चर्चा में त्वरित राहत, पुनर्वास, दीर्घकालिक पुनर्निर्माण, समय पर निकासी, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली और सामुदायिक भागीदारी जैसे विषय शामिल रहे।
पांडियन ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जनहानि को न्यूनतम करने के लिए वैज्ञानिक पूर्वानुमान, मजबूत प्रशासनिक समन्वय और लोगों की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने राहत कार्यों में जुटी टीमों की सराहना करते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
ओडिशा का ‘जीरो कैजुअल्टी मॉडल’ पिछले कई वर्षों से चक्रवात और अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रभावी आपदा प्रबंधन के लिए वैश्विक स्तर पर सराहा जाता रहा है। वेनेजुएला में हाल ही में आए भीषण भूकंप के बाद वहां की सरकार इस मॉडल से सीख लेकर अपनी आपदा तैयारी और राहत व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में काम कर रही है।




