Top 5 This Week

Related Posts

‘विपक्ष ने चुनाव लड़ना छोड़ा तो खत्म हो जाएगा लोकतंत्र’, अमेरिका में राहुल गांधी का बयान; बोले- चुनावी गड़बड़ियों को जनता के सामने लाएंगे

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि यदि विपक्षी दल चुनाव लड़ना बंद कर दें तो भारतीय लोकतंत्र उसी क्षण समाप्त हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के लिए चुनाव लड़ता रहेगा।

अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने भारतीय लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र के मौजूदा ढांचे को तोड़ना नहीं चाहता। यदि विपक्ष चुनाव में हिस्सा लेना बंद कर देता है तो जनता की नजर में पूरी चुनावी प्रक्रिया की वैधता समाप्त हो जाएगी।

चुनावी अनियमितताओं को जनता तक पहुंचाएंगे

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष की रणनीति चुनाव से पीछे हटने की नहीं, बल्कि चुनावी व्यवस्था में मौजूद कथित खामियों को सामने लाने की है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को चुनाव आयोग के भीतर से भी जानकारियां मिल रही हैं। राहुल ने कहा कि समय के साथ इन कथित अनियमितताओं का खुलासा होगा और व्यवस्था में बदलाव आएगा।

2024 के चुनाव पर भी उठाए सवाल

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने ब्राजील की एक महिला का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वह कभी भारत नहीं आई, इसके बावजूद एक राज्य के विधानसभा चुनाव में उसके नाम पर 23 बार मतदान हुआ। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस को वर्ष 2014 के आम चुनाव से ही संदेह था।

भारत की अर्थव्यवस्था पर भी दिया बयान

शिकागो पहुंचने से एक दिन पहले न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई थी। उन्होंने बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का हवाला देते हुए भारत को आर्थिक संकट के करीब बताया था।

भाजपा ने किया पलटवार

राहुल गांधी के बयानों पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि राहुल विदेशों में भारत की छवि खराब कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता के बयानों को देश और लोकतंत्र के खिलाफ बताया।

राहुल गांधी इन दिनों दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं।

Popular Articles