देहरादून। विधानसभा के शीतकालीन सत्र में शुक्रवार को विपक्षी कांग्रेस के हंगामे के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 5315 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में पेश किया। सदन में कुल नौ विधेयक पटल पर रखे गए, लेकिन कांग्रेस विधायकों के लगातार हंगामे और नारेबाजी के चलते कार्यवाही को सात बार स्थगित करना पड़ा।
सदन में पेश हुए ये नौ विधेयक
- उत्तराखंड विनियोग 2025-26 का अनुपूरक विधेयक 2025
- उत्तराखंड उत्तर प्रदेश श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ मंदिर अधिनियम 1939 संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता एवं विधि विरुद्ध प्रतिषेध संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड साक्षी संरक्षण निरसन विधेयक 2025
- उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक 2025
- समान नागरिक संहिता उत्तराखंड संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025
- उत्तराखंड लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक 2025
हंगामे में टूटी टेबल और माइक
सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई, लेकिन विपक्ष ने शुरू से ही हंगामा करना शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायकों ने सचिव की टेबल पलटने और माइक तोड़ने की कोशिश की। कार्यसूची की प्रतियां फाड़कर सदन में लहराई और वेल में धरने पर बैठ गए। विधानसभा अध्यक्ष ने इसे बेहद दुखद और अनुचित आचरण बताया।
श्रद्धांजलि भी हुई
सत्र की शुरुआत में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दिवंगत पूर्व विधायक मुन्नी देवी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, धन सिंह रावत और सौरभ बहुगुणा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
विपक्ष ने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाईं – सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सदन बहस और जनता के मुद्दों पर चर्चा का मंच है, लेकिन विपक्ष ने जिस तरह की हरकतें की हैं, वह पूरे देश ने देखीं। उन्होंने कहा, “हम सदन को चलाना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने पर आमादा रही। जनता ने पंचायत से लेकर निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक भाजपा को विकास की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में विपक्ष का बौखलाना स्वाभाविक है।”
सीएम धामी ने आगे कहा कि विपक्ष की यह परंपरा बन गई है कि जहां भी चुनाव हारते हैं, वहां ईवीएम, चुनाव आयोग और सरकार को दोष देते हैं। उन्होंने कहा कि नैनीताल में भाजपा का उम्मीदवार अध्यक्ष और कांग्रेस का उपाध्यक्ष चुना गया, यह प्रमाण है कि चुनाव निष्पक्ष थे।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता उनके साथ है।





