Top 5 This Week

Related Posts

विजय के ‘जबड़ा’ वाले इशारे पर विवाद, DMK के विरोध के बाद मुख्यमंत्री ने दी सफाई

चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा में मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय के एक इशारे को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। विपक्षी डीएमके ने आरोप लगाया कि विजय ने पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की शारीरिक स्थिति का मजाक उड़ाने वाला इशारा किया। विवाद बढ़ने के बाद विजय ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा जानबूझकर किसी को अपमानित करने के लिए नहीं था।

दरअसल, विधानसभा में कानून-व्यवस्था और पुलिस विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के दौरान विजय ने डीएमके पर कई आरोप लगाए। इसी दौरान उन्होंने अपने हाथ से जबड़े से जुड़ा एक इशारा किया। इस पर डीएमके सदस्यों ने आपत्ति जताई और इसे एमके स्टालिन की पुरानी शारीरिक चोट का मजाक उड़ाने वाला बताया। मामले को लेकर सदन में हंगामा भी हुआ।

विजय ने बाद में कहा कि सदन में बोलते समय उनकी बॉडी लैंग्वेज सहज और अनायास थी। उनका किसी व्यक्ति को ठेस पहुंचाने या अपमानित करने का इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि यदि उनके इशारे से किसी को गलत संदेश गया है तो उन्हें इसका खेद है।

इस मुद्दे पर डीएमके नेताओं ने विजय के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत भी की है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने सदन में ऐसे लोगों और मामलों का उल्लेख किया, जिनसे जुड़े सदस्य उस समय सदन में मौजूद नहीं थे। डीएमके ने इसे विधानसभा के नियमों का उल्लंघन बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, विधानसभा में विजय और डीएमके के बीच टकराव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। इससे पहले भी डीएमके विधायकों ने विजय द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देने की अनुमति नहीं मिलने पर सदन में विरोध किया था और वॉकआउट किया था।

इशारे को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब तमिलनाडु की सत्ता और विपक्ष के बीच बढ़ती राजनीतिक तल्खी का नया मुद्दा बन गया है।

 

 

Popular Articles