भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने चकबंदी लेखपाल सुभाष कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। वह यह रिश्वत एक पीड़ित से भूमि की सीमा में संशोधन के बदले में मांग रहा था।
विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को लक्सर चकबंदी कार्यालय में ट्रैप लगाकर आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद टीम ने सुभाष कुमार के घर और कार्यालय में तलाशी भी शुरू कर दी है। विजिलेंस को कुछ दस्तावेज और अन्य संदिग्ध सामग्री मिली है, जिनकी जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला:
- लक्सर निवासी पीड़ित की भूमि की सीमा में संशोधन की प्रक्रिया चल रही थी।
- पीड़ित कई दिनों से चकबंदी कार्यालय के चक्कर काट रहा था।
- लेखपाल सुभाष कुमार, जो वर्तमान में कानूनगो का काम भी देख रहा है, ने उससे रिश्वत की मांग की।
- पहले ₹40,000 की डिमांड रखी गई, लेकिन बाद में ₹20,000 पर “डील” तय हो गई।
- पीड़ित ने रिश्वत देने की बजाय विजिलेंस विभाग से शिकायत कर दी।
- शुक्रवार को जब पीड़ित पैसे लेकर कार्यालय पहुँचा, तो विजिलेंस की ट्रैप टीम पहले से वहां तैनात थी।
- जैसे ही सुभाष कुमार ने रकम ली, टीम ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस निदेशक का बयान:
डॉ. वी. मुरुगेशन, निदेशक विजिलेंस ने बताया कि आरोपी को शनिवार को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसके घर और कार्यालय में चल रही तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है।