पटना। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 में गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (NTPC) के 5,165 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इनमें 3,477 स्नातक स्तर और 1,688 अंडरग्रेजुएट स्तर के पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए संबंधित रेलवे जोन और उत्पादन इकाइयों को अंतिम मांग भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रेजुएट स्तर पर 3,477 पद
स्नातक स्तर की भर्ती में सबसे अधिक गुड्स ट्रेन मैनेजर के 2,750 पद हैं। इसके अलावा चीफ कमर्शियल कम टिकट सुपरवाइजर के 56, जूनियर अकाउंट्स असिस्टेंट कम टाइपिस्ट के 300 और सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 371 पद स्वीकृत किए गए हैं।
अंडरग्रेजुएट के 1,688 पद
अंडरग्रेजुएट श्रेणी में ट्रेन क्लर्क के 188, कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 700, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट के 200 और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के 600 पद शामिल हैं। इस तरह दोनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 5,165 रिक्तियां हैं।
7 सितंबर से शुरू होगी प्रक्रिया
रेलवे बोर्ड के अनुसार, संबंधित जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयां 7 से 15 सितंबर 2026 तक अंतिम मांग दर्ज करेंगी। इसके बाद 16 से 22 सितंबर तक मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय स्तर पर, 23 से 25 सितंबर तक रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर और 26 सितंबर से नोडल रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर आगे की प्रक्रिया होगी।
आवेदन की तारीख अभी नहीं
फिलहाल अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुरू होने की तारीख, परीक्षा शुल्क, आयु सीमा और परीक्षा कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी जारी नहीं हुई है। ये विवरण केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होंगे। अभ्यर्थियों को आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार करना चाहिए।





