Wednesday, February 5, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

राहुल गांधी के वियतनाम जाने पर राजनीतिक गलियारों में घमासान

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन बाद से भाजपा व कांग्रेस में शुरू वार-पलटवार का दौर सोमवार को भी जारी रहा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वियतनाम यात्रा पर जाने को भाजपा ने डॉ. सिंह का अपमान बताते हुए कहा कि देश जब उनके निधन पर शोक मना रहा है, राहुल नए साल का जश्न मनाने विदेश चले गए। कांग्रेस ने इसे मुद्दे से ध्यान भटकाने की राजनीति करार दिया। कहा, अगर राहुल निजी तौर पर यात्रा करते हैं, तो इससे किसी को क्या परेशानी है? भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने आरोप लगाया कि राहुल और कांग्रेस सिखों से नफरत करते हैं। डॉ. सिंह के प्रति राहुल के असम्मान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया, राहुल ने डॉ. सिंह के निधन का सियासी फायदा उठाया। वहीं, कांग्रेस नेता मणिक्कम टैगोर ने कहा, जिस तरह से केंद्र सरकार ने डॉ. सिंह के अंतिम संस्कार के लिए यमुना तट पर जगह देने से इन्कार कर दिया, वह शर्मनाक था। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि डॉ. सिंह के परिवार की निजता को ध्यान में रखते हुए उनके अस्थि विसर्जन में पार्टी या गांधी परिवार से कोई शामिल नहीं हुआ। डॉ. सिंह की अस्थियां उनके परिवार के सदस्यों ने सिख रीति-रिवाजों के अनुसार यमुना में विसर्जित कर दीं। भाजपा ने आरोप लगाया कि इस संवेदनशील मौके पर कांग्रेस या गांधी परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ, जो कि पार्टी के लिए खासा शर्मनाक है।पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार की व्यवस्था को लेकर राजनीतिक हलकों में मचे बवाल के बीच भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) एमएलसी के कविता ने कांग्रेस पर पूर्व पीएम पीवी नरसिंह राव का दिल्ली में अंतिम संस्कार न करने का आरोप लगाया। उन्होंने सोमवार को कहा कि कांग्रेस ने नरसिंह राव का अनादर किया है।

कविता ने कहा, यह सर्वविदित तथ्य है कि कांग्रेस सरकार ने राव की अनदेखी की है और उनका अपमान किया है। उन्होंने दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार नहीं करने दिया। तेलंगाना में हमने उनका सम्मान किया है। हमने उनकी जन्म शताब्दी मनाई। हमने यहां हैदराबाद में एक विशाल स्मारक बनवाया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बारे में हो रही चर्चा को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने मांग की कि दिल्ली में उनके और पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव के लिए एक स्मारक बनाया जाना चाहिए। कविता ने कहा, मनमोहन सिंह के बारे में जो भी चर्चा हो रही है, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

Popular Articles