नई दिल्ली। देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार समारोह में इस वर्ष राजस्थान की लोक संस्कृति और भारतीय पैरा खेल जगत की उपलब्धियों को विशेष पहचान मिलने जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 25 मई को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रसिद्ध अल्गोजा वादक तगा राम और पैरा–एथलीट प्रवीण कुमार को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित करेंगी।
राजस्थान के जैसलमेर से आने वाले तगाराम भील ने वर्षों से पारंपरिक लोक वाद्य “अल्गोजा” को नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने देश–विदेश के कई सांस्कृतिक मंचों पर प्रस्तुति देकर थार की लोक कला को वैश्विक स्तर तक पहुंचाया। केंद्र सरकार ने लोक संगीत संरक्षण में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पद्मश्री सम्मान के लिए चुना है।
वहीं उत्तर प्रदेश के पैरा हाई जंप खिलाड़ी प्रवीण कुमार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने पैरालंपिक और एशियाई पैरा खेलों में कई पदक जीतकर भारतीय खेल जगत में नई मिसाल पेश की है। खेलों में उनके योगदान और प्रेरणादायक सफर को देखते हुए उन्हें पद्मश्री सम्मान दिया जाएगा।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी पद्म पुरस्कार 2026 की सूची में कला, खेल, साहित्य, विज्ञान और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों की कई हस्तियों को सम्मानित किया जा रहा है। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं और इन्हें विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
समारोह को लेकर कला और खेल जगत में उत्साह का माहौल है। दोनों हस्तियों की उपलब्धियों को देशभर से सराहना मिल रही है।





