हल्द्वानी। देश की सेवा के बाद शांतिपूर्ण जीवन बिता रहे हल्दूचौड़ के गंगापुर निवासी पूर्व सैनिक शमशेर सिंह रौतेला की शुक्रवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रामपुर रोड स्थित नेक्सा शोरूम के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक शमशेर सिंह रौतेला दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार ट्रक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
शमशेर सिंह रौतेला अपने पीछे पत्नी, बेटी अंजली रौतेला और पुत्र आयुष रौतेला को छोड़ गए हैं। अंजली स्नातक की छात्रा हैं, जबकि आयुष हाईस्कूल में पढ़ाई कर रहा है। परिवार के मुखिया के अचानक चले जाने से घर में मातम पसरा हुआ है और पूरे गंगापुर क्षेत्र में शोक की लहर है।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले शमशेर सिंह रौतेला दूसरे पूर्व सैनिक हैं। इससे एक दिन पहले हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क पार करते समय पूर्व सैनिक हरीश चंदोला की भी सड़क हादसे में मौत हो गई थी। लगातार दो पूर्व सैनिकों की सड़क दुर्घटनाओं में हुई मौत से पूर्व सैनिक समुदाय और स्थानीय लोगों में गहरा दुख और आक्रोश है।
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाह वाहन चालकों और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने फरार चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।





