Tuesday, March 3, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

राजाजी टाइगर रिजर्व में पर्यटन सीजन शुरू, सभी रेंज के गेट खुले, नए रिसेप्शन सेंटर और कड़े सुरक्षा इंतज़ाम

देहरादून/हरिद्वार। वन्यजीव प्रेमियों के लिए आज से राजाजी टाइगर रिजर्व के द्वार एक बार फिर खोल दिए गए। लंबे इंतजार के बाद रिजर्व की सभी प्रमुख पर्यटन रेंज—मोतीचूर, चीला, रानीपुर और मोहंड—को विधिवत पूजा-अर्चना और रिबन कटिंग के साथ पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। इन रेंजों को जंगली हाथी, बाघ, तेंदुए, हिरण, घुरल और विविध प्रजातियों के पक्षियों के दर्शन के लिए खास पहचान मिली हुई है।

मोतीचूर रेंज में पूजा के साथ शुरुआत, नया रिसेप्शन सेंटर तैयार
मोतीचूर रेंज में इस वर्ष पर्यटन सीजन की शुरुआत विशेष विधि-विधान के साथ हुई। रेंज अधिकारी महेश सेमवाल और वार्डन सरिता भट्ट ने पूजा-अर्चना कर रिबन काटा।
इस बार मोतीचूर पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए नया, आधुनिक रिसेप्शन सेंटर तैयार किया गया है, जहां टिकटिंग, जानकारी व अन्य सुविधाओं को और बेहतर बनाया गया है। पर्यटकों की सुरक्षा और निगरानी के लिए भी अतिरिक्त इंतज़ाम किए गए हैं।

चीला रेंज में भी खोला गया सफारी मार्ग
चीला रेंज में वार्डन चित्रांजलि नेगी, रेंज अधिकारी बी.डी. तिवारी और रेंज अधिकारी राजेश जोशी ने पर्यटन मार्ग को खोलते हुए सीजन की औपचारिक शुरुआत की। रानीपुर व मोहंड रेंज में भी इसी क्रम में गेट पर्यटकों के लिए खोले गए।

शुल्क में नहीं हुआ कोई बदलाव
इस बार पार्क प्रशासन ने प्रवेश शुल्क में किसी तरह का बदलाव नहीं किया है।
मोतीचूर रेंज अधिकारी महेश सेमवाल के अनुसार—

  • भारतीय पर्यटक: 150 रुपये
  • विदेशी पर्यटक: 600 रुपये
  • भारतीय वाहन: 250 रुपये
  • विदेशी वाहन: 500 रुपये
  • छात्र: प्रवेश शुल्क में 50% छूट
  • वन विश्राम भवन शुल्क: 1000 रुपये प्रति रात
  • व्यावसायिक कैमरा शुल्क: 500 रुपये

इस स्थिर शुल्क व्यवस्था से पर्यटक बिना अतिरिक्त खर्च के सफारी का आनंद ले सकेंगे।

डग्गामार वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध
पर्यटन व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए मोतीचूर रेंज में डग्गामार (अनियमित) वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। केवल पंजीकृत व अनुमोदित वाहन ही पर्यटकों को जंगल सफारी करा सकेंगे। इससे वन्यजीवों को होने वाले व्यवधान, सुरक्षा जोखिम और यातायात अव्यवस्था में कमी आने की उम्मीद है।

राजाजी टाइगर रिजर्व में पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही वन्यजीव प्रेमियों और फोटोग्राफरों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।

Popular Articles