देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने शहरी विकास विभाग में राजस्व एवं कर निरीक्षक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। पहले आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि चार अगस्त निर्धारित थी, लेकिन प्रदेश के पर्वतीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण नेटवर्क संबंधी दिक्कतों को देखते हुए आयोग ने अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अवसर दिया है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 18 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय के अनुसार, बारिश के चलते कई क्षेत्रों में इंटरनेट और नेटवर्क की समस्या होने से अभ्यर्थियों को आवेदन करने में परेशानी हुई। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आठ अगस्त से 18 अगस्त तक आवेदन विंडो दोबारा खोल दी गई है। आवेदन पत्र में संशोधन का मौका 25 अगस्त से दिया जाएगा।
29 पदों पर होनी है भर्ती
राजस्व एवं कर निरीक्षक भर्ती के तहत कुल 29 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। भर्ती शहरी विकास विभाग के अंतर्गत होगी। आयोग ने जुलाई में इस भर्ती की प्रक्रिया शुरू की थी और पहले आवेदन की अंतिम तिथि चार अगस्त रखी गई थी।
लोअर पीसीएस के 65 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 31 अगस्त से
आयोग ने लोअर पीसीएस मुख्य परीक्षा पास कर चुके शेष 65 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तारीख भी घोषित कर दी है। इन अभ्यर्थियों के इंटरव्यू 31 अगस्त से तीन सितंबर के बीच होंगे। इससे पहले 328 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 27 जुलाई से शुरू किए गए थे।
आयोग ने दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया में तीन अभ्यर्थियों को अनर्ह घोषित करते हुए उन्हें 16 अगस्त तक प्रत्यावेदन का अवसर दिया है। वहीं, पहले से अनर्ह घोषित 10 अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय में प्रत्यावेदन नहीं दिया, जिसके चलते उन्हें भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया है।





