Saturday, February 14, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

राजस्थान में जासूसी कांड: DRDO गेस्ट हाउस का मैनेजर गिरफ्तार, पाकिस्तान को भेज रहा था गोपनीय जानकारी

राजस्थान के जैसलमेर जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चांदन फील्ड फायरिंग रेंज के पास स्थित डीआरडीओ गेस्ट हाउस के कॉन्ट्रैक्ट मैनेजर महेंद्र प्रसाद को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को भारत की सामरिक और गोपनीय जानकारी भेज रहा था।

सीआईडी इंटेलिजेंस की निगरानी में गिरफ्तारी
राजस्थान सीआईडी इंटेलिजेंस के इंस्पेक्टर डॉ. विष्णुकांत के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को लेकर राज्य में संभावित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान पता चला कि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के पल्यूं गांव निवासी महेंद्र प्रसाद सोशल मीडिया के माध्यम से आईएसआई के संपर्क में है।

संवेदनशील सूचनाएं लीक करने का आरोप
जांच में सामने आया कि महेंद्र प्रसाद मिसाइल और अन्य हथियारों के परीक्षण के लिए फायरिंग रेंज में आने वाले डीआरडीओ वैज्ञानिकों और भारतीय सेना के अधिकारियों की आवाजाही से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान भेज रहा था।

तकनीकी जांच में मिले सबूत
केंद्रीय पूछताछ केंद्र में विभिन्न खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से आरोपी से पूछताछ की और उसके मोबाइल फोन की गहन जांच की। इसमें कई संवेदनशील सूचनाएं साझा करने के प्रमाण मिले।

आगे की कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ शासकीय गोपनीयता अधिनियम, 1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे बुधवार, 13 अगस्त को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जाएगी।

Popular Articles