Top 5 This Week

Related Posts

राजनीति में ‘फुलस्टॉप’ नहीं, सेवा का सिलसिला जारी: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में सेवानिवृत्त हो रहे सांसदों के विदाई सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति में कभी ‘फुलस्टॉप’ नहीं होता, बल्कि यह जनसेवा का निरंतर चलता रहने वाला सफर है।

प्रधानमंत्री ने निवर्तमान सांसदों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सदन में विभिन्न विषयों पर होने वाली बहसों में हर सदस्य की अपनी विशिष्ट भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि संसदीय कार्यवाही के दौरान भले ही मतभेद और ‘खट्टे-मीठे’ अनुभव सामने आते हैं, लेकिन विदाई के ऐसे अवसर पर सभी दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर एक समान भाव प्रकट होता है।

उन्होंने कहा, “आज जो साथी यहां से विदा ले रहे हैं, उनमें से कुछ पुनः लौटने के उद्देश्य से जा रहे हैं, जबकि कुछ अपने अनुभवों के साथ सामाजिक जीवन में नए योगदान के लिए आगे बढ़ेंगे।”

प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से उन सदस्यों का उल्लेख किया जो दोबारा सदन में नहीं लौटेंगे। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव और योगदान राष्ट्र-निर्माण में आगे भी महत्वपूर्ण रहेंगे।

मोदी ने कहा, “जो साथी जा रहे हैं, उन्हें मैं यही कहना चाहूंगा कि राजनीति में कोई पूर्ण विराम नहीं होता। भविष्य आपका इंतजार कर रहा है और आपके अनुभव का लाभ देश को मिलता रहेगा।”

उन्होंने अंत में सभी निवर्तमान सांसदों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके योगदान को लोकतंत्र की मजबूती में अहम बताया।

Popular Articles