Saturday, November 15, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

रजत जयंती: विधानसभा के विशेष सत्र को राष्ट्रपति ने किया संबोधित, कहा-युवा ऊर्जा के साथ आगे बढ़े उत्तराखंड

देहरादून: राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर सोमवार को उत्तराखंड विधानसभा में आयोजित रजत जयंती के विशेष सत्र को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्यवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तराखंड ने कम समय में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और अब समय है कि युवा ऊर्जा, नवाचार और प्रकृति के संरक्षण के साथ राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए।

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, अनुशासन और समर्पण भावना के लिए भी देशभर में अलग पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा रोजगार, उद्यमिता और शिक्षा के क्षेत्र में नई राहें खोल रहे हैं, जो ‘नए भारत’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद यहां के लोगों ने विकास की मजबूत नींव रखी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और पर्वतीय संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सतत विकास की दिशा में योजनाएं बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती के इस मौके पर राज्य ‘श्रेष्ठ उत्तराखंड’ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और सरकार आने वाले वर्षों में हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

विधानसभा परिसर को पारंपरिक अंदाज में सजाया गया था। सदन में जनप्रतिनिधियों ने पहाड़ी टोपी और महिलाओं ने पिछौड़ा पहनकर उत्तराखंड की संस्कृति को जीवंत कर दिया। समारोह के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि और राज्य के गौरवशाली इतिहास की झलक ने इस दिन को अविस्मरणीय बना दिया।

 

Popular Articles