विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को जर्मनी के म्यूनिख में म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन (MSC) के दौरान अपने यूक्रेनी समकक्ष एंड्री सिबिहा के साथ बैठक की। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए चल रहे प्रयासों पर चर्चा की। इसके अलावा, दोनों ने द्विपक्षीय सहयोग को और आगे बढ़ाने के बारे में भी बात की। विदेश मंत्री जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन 2025 के मौके पर यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा से मिलकर अच्छा लगा। हमने यूक्रेन संघर्ष के समाधान और द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।’गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 से संघर्ष जारी है। दोनों के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से भारत ने हमेशा बातचीत और कूटनीति के जरिए संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की अपील की है। भारत ने शांति की जल्द वापसी के लिए हर संभव तरीके से योगदान देने की इच्छा भी जताई है।
इस सम्मेलन में विदेश मंत्री जयशंकर ने बवेरिया के मंत्री-राष्ट्रपति मार्कस सोडर से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आर्थिक और प्रौद्योगिकी सहयोग के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्थिति पर भी चर्चा की। इस मौके पर विदेश मंत्री ने सोडर को भारत आने का न्योता भी दिया और कहा कि वह सोडर का भारत में स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। जयशंकर ने सोडर से मुलाकात के संबंध में एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी।





