संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत पार्वथानेनी हरीश ने कहा कि भारत की विशाल युवा आबादी की गतिशीलता व योगदान देश के विकास, हरित ऊर्जा परिवर्तन व सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण है। यूएन के वैश्विक संचार विभाग से संबद्ध गैर सरकारी संगठन 1एम1बी (वन मिलियन फॉर वन बिलियन) के शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि ने कहा, आप युवा ही भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि आपको देश के शासन का हिस्सा बनने के साथ-साथ हमारी विकास यात्रा में साथी के रूप में मिलकर काम करना होगा।इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा को अपनाने व सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को 2030 तक हासिल करने के लिए भी आपको मिलकर काम करना होगा। इनमें से प्रत्येक कार्य में आपकी गतिशीलता और आपका योगदान महत्वपूर्ण है। हरीश ने वर्तमान चुनौतियों और अवसरों मे युवाओं की भूमिका को भी सराहा। 1एम1बी के संस्थापक मानव सुबोध ने कहा, हमारा कार्यक्रम एआई फॉर इंडिया 2047 भारत की प्रतिभा को उस वक्त प्रदर्शित करेगा, जब देश अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा। 1एम1बी युवाओं के साथ मजबूती से काम कर रहा है। ये युवा भारत व दुनिया के भविष्य को आकार देंगे। 1एम1बी की स्थापना 2014 में की गई थी।
यह संयुक्त राष्ट्र से मान्यता प्राप्त युवा केंद्रित संगठन है। इसका उद्देश्य 110 लाख युवा नेताओं को सशक्त बनाना है, ताकि वे एक अरब लोगों के जीवन पर प्रभाव डाल सकें। सम्मेलन में संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी व नागरिक संस्थाओं के सदस्य भी शामिल हुए।




