रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर की ओर से ट्रांजिट कैंप, वार्ड -3 में 1 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नेताजी सुभाष रजत जयंती पार्क का महापौर विकास शर्मा ने विधिवत शिलान्यास किया।इस मौके पर महापौर ने कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रत्येक शहर को एक-एक रजत जयंती पार्क की सौगात दी गई है। रुद्रपुर के लिए यह पार्क ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रांजिट कैंप हमेशा भाजपा के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और कठिन परिस्थितियों में भी क्षेत्रवासियों ने संगठन को मजबूत करने का कार्य किया है।विधानसभा चुनाव से पूर्व उन्होंने बस्तियों को भी शहर की मुख्यधारा के विकास से जोड़ने का संकल्प लिया था, जिस पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। ट्रांजिट कैंप में बनने वाला रजत जयंती पार्क उसी संकल्प का परिणाम है।महापौर ने बताया कि यहां भव्य प्रवेश द्वार, आकर्षक बाउंड्रीवाल, बच्चों के लिए झूले, ओपन जिम,वॉकिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र एवं बैठने की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी। महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के अन्य प्रमुख पार्कों के कायाकल्प पर भी कार्य कर रहा है। गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 5.50 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हो चुकी है, जबकि सिडकुल क्षेत्र के निकट लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से उत्तरायणी पार्क का निर्माण भी स्वीकृत हो गया है।उन्होंने कहा कि नगर निगम ने केवल घोषणाएं नहीं कीं बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारा है।अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।
महापौर ने कहा कि शहर के प्रवेश द्वार पर भव्य त्रिशूल इसकी शुरुआत है। आगामी 4 जुलाई को डमरू चौक का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा 51 फीट ऊंची भगवान महादेव की प्रतिमा स्थापित करने तथा गंगापुर रोड स्थित तीन प्रमुख मंदिरों को जोड़कर भव्य धार्मिक कॉरिडोर विकसित करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, जिसे सीएम धामी की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम अपना पेट्रोल पंप स्थापित करने की तैयारी कर रहा है। ट्रांजिट कैंप फुटबॉल मैदान के कायाकल्प की योजनाओं पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, पार्षद शुभम दास, मानवेन्द्र सिंह, छात्रसंघ अध्यक्ष रजत बिष्ट, तुलसी साह,अशोक विश्वास, कार्तिक चक्रवर्ती, देवशीष मंडल, सौरभ समेत अन्य लोग मौजूद थे।
मोदी-धामी के विकास की गंगा शहर के हर कोने तक पहुंचेगीः विकास शर्मा 1.59 करोड़ की लागत से नेताजी सुभाष रजत जयंती पार्क का किया शिलान्यास





