देहरादून। आश्विन मास की प्रतिपदा तिथि से आरंभ होने वाले शारदीय नवरात्र इस बार 22 सितंबर, सोमवार से शुरू हो गए हैं। नवरात्र के प्रथम दिन प्रदेशभर में श्रद्धालुओं ने माँ दुर्गा के प्रथम स्वरूप माँ शैलपुत्री की आराधना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शासकीय आवास पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और उन्नति के लिए प्रार्थना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस बार देवी दुर्गा का आगमन हाथी पर हुआ है, जिसे सुख-समृद्धि, राष्ट्र की प्रगति और कल्याण का प्रतीक माना जाता है। मुख्यमंत्री धामी ने मां आदिशक्ति की पूजा के दौरान प्रदेशवासियों के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि नवरात्रि शक्ति उपासना का पर्व है, जो जीवन में धैर्य, संकल्प और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
इस बार नवरात्र के प्रथम दिन उत्तराफाल्गुनी और हस्त नक्षत्र का विशेष संयोग भी बना है, जो धार्मिक दृष्टि से अत्यंत शुभ माना जाता है। विद्वानों के अनुसार, इस योग में की गई पूजा-अर्चना विशेष फलदायी होती है।
देहरादून सहित प्रदेशभर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु कलश स्थापना कर शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की आराधना में लीन रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने की मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना





