मुंबई : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने गुरुवार को राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में किसानों को अकेला नहीं छोड़ेगी और उनकी हर संभव मदद की जाएगी। पवार ने कहा कि नुकसान का आंकलन करने के बाद केंद्र सरकार से भी आर्थिक सहायता की मांग की जाएगी।
अजित पवार ने खेतों में पानी भरने से फसल बर्बाद होने पर चिंता जताई और कहा कि किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों और किसानों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए तथा मुआवजा प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो।
दौरे के दौरान पवार ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही स्थिति का विस्तृत ब्यौरा तैयार कर केंद्र को भेजेगी, ताकि किसानों को राहत पहुंचाने के लिए अतिरिक्त मदद मिल सके।
पवार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं और पेयजल आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही गांवों में राहत कैंपों की संख्या बढ़ाने और किसानों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने पर जोर दिया।
राज्य में बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और हजारों किसानों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। सरकार ने प्रभावित जिलों में नुकसान का सर्वे शुरू कर दिया है।





